Showing posts with label counting. Show all posts
Showing posts with label counting. Show all posts

Saturday, 5 May 2018

गिनती

मुझे गिनती करने की लत है
वो पहला था
ये दूसरा है
वो तीसरा होगा
गिनती सीखी तो थी
पर गिनती गलत चीजों
की कर बैठा मैं

जब सावन आया
तो वो बोले हमसे
पहली बरसात है
भीगोगे नहीं इसमें ?
फिर दूसरी बरसात आती है
फिर तीसरी भी आयी
हर दफे वही बारिश होती है
एहसास अलग होता है थोड़ा
पर हम उसे गिनते हैं
गिनती करने की जो आदत है

हंसी का मुखौटा पहन कर तुम
गिनती के इस बाज़ार में आये
पहले वाले का पहलापन
ऐसे जकड़े बैठा था
कि दूसरे का दूसरापन
देखते उसे दूर ही कर दिया
वैसे दूसरा जो था, वो
अपने सरीखे पहला था

गिनती में मैंने सीखा था कि
पहले के बाद दूसरा आएगा
और दूसरे के बाद तीसरा
इसलिए गिनती गिनता गया
और आगे बढ़ता गया
ये जो गिनती करने की लत है
असल में, वो गलत है